बलिया। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली की बढ़ रही शिकायतों के बाद अब निगरानी की नई व्यवस्था शुरू की गई है। मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की निगरानी लखनऊ स्थित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशालय से की जाएगी। इसके लिए अस्पताल के सभी वार्डों, ओपीडी, दवा काउंटर, पैथालॉजी, पर्ची काउंटर, परिसर सहित अन्य जगहों पर सीसी कैमरे लगाए जा रहे है। पूर्व में लगे कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है। सभी कैमरे ऑनलाइन रहेंगे।
अस्पताल में चिकित्सकों के लेट लतीफ आने व ओपीडी में न बैठने की शिकायत आए दिन मिलती थी। जिले के दूर दराज क्षेत्रों से इलाज की आस में आने वाले मरीजों को ओपीडी के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ता था। दवा काउंटर या पर्ची काउंटर पर कर्मचारियों की कमी के कारण मरीजों की लंबी लाइनों में लगने के बाद सुविधाएं मिलती थी। स्वास्थ्य भवन लखनऊ में बैठे अधिकारी ऑनलाइन सीसी कैमरे से बलिया जिला व महिला अस्पताल की गतिविधियों पर नजर रखेगा। लेट लतीफ आने वाले चिकित्सकों व कर्मचारियों के लेट आने का कारण प्रभारी से पूछा जाएगा। जिन काउंटर पर मरीजों की भीड़ ज्यादा दिखेगी, वहां अतिरिक्त स्टाफ बढ़ाने के लिए सीएमएस को निर्देश करेंगे। राजधानी से जुड़ाव होने के बाद चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ मरीजों को सहूलियत से मिलेगा।
शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल के वार्डों, इमरजेंसी, दवा काउंटर, ओपीडी सहित अन्य स्थानों पर सीसी कैमरे लगाए गए है। पूर्व के कैमरे को अपडेट किया गया है। सभी कैमरे ऑनलाइन स्वास्थ्य भवन लखनऊ व मेरे चैंबर से जुड़ा है। - डॉ. दिवाकर सिंह, सीएमएस