बलिया। शासन ने विधायक निधि की पहली किस्त के रूप 20 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। किस्त के रूप में विधायकों के खाते में ढाई-ढाई करोड़ रुपये की राशि पहंुच गई है। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास का एजेंडा तैयार करना शुरू कर दिया है। जिले में सात विधायक और एक एमएलसी हैं।
विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए सालाना पांच-पांच करोड़ रुपये की राशि जारी की जाती है। यह राशि विधायकों को दो किस्तों में जारी होती है। जिससे वह अपने क्षेत्र में सड़क, नाली, लाइट व प्याऊ आदि से संबंधित कार्य करा सकते हैं। चुनाव के दौरान भले ही राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच जातिगत आंकड़ों को साधकर जनता के बीच जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद पूरे क्षेत्र के लिए विकास का एजेंडा तैयार करना होता है।
ऑनलाइन के बाद जमा करनी होगी हार्ड कॉपी : इस बार विधायकों को विकास कार्यों के प्रस्ताव ऑनलाइन देने होंगे। इससे पहले वह लिखित में प्रस्ताव जमा करते थे। जिनको डीआरडीए कार्यालय से ऑनलाइन करना होता था, लेकिन अबकी बार विधायकों को ही पोर्टल की यूजर आईडी और पासवर्ड जारी किए गए हैं, जहां ऑनलाइन प्रस्ताव देने के बाद उनकी हार्ड कॉपी भी जमा करनी होती है।
सड़क, भवन और लाइटों के दिए प्रस्ताव : कुछ विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के गांवों के लिए सड़क, स्कूल भवन, लाइट, नाली और यात्री शेड के अलावा स्वागत द्वार के लिए निधि से प्रस्ताव जमा किए गए हैं। विधायकों द्वारा अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में ही कार्यों के लिए प्रस्ताव दिए हैं।
सीडीओ ओजस्वी राज ने कहा कि शासन से विधायक निधि की पहली किस्त मिल गई है। अब विधायकों की ओर से विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव भेजे जाएंगे। जिस पर काम भी शुरू कराया जाएगा। कुछ प्रस्ताव पूर्व में प्राप्त हुए थे, जिन पर कार्य कराया जाएगा।