गुरगुजपुर में अन्न महोत्सव कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी को खाद्यान्न देते कोटेदार व खड़े मंडलाय?
- फोटो : BALLIA
बलिया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत बुधवार को नि:शुल्क राशन वितरण अन्न महोत्सव के रूप में हुआ। इस दौरान कुल 1.33 लाख लाभार्थियों को राशन किट दिया गया। ग्रामीण क्षेत्र के 1.21 लाख और शहरी क्षेत्र के 11 हजार लाभार्थी शामिल हैं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला, कमिश्नर विजय विश्वास पंत, डीएम अदिति सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दुकानों पर राशन वितरण किया। पीएम नरेंद्र मोदी की लाभार्थियों से बातचीत का सीधा प्रसारण कर दिखाया गया। लाभार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने शहर के गुदरी बाजार स्थित उचित दर दुकानदार के यहां राशन वितरण किया। प्रदेश सरकार की ओर से मिले वाटरप्रूफ बैग में राशन किट दिया गया। कहा कि कोरोनाकाल के दौरान पूरे देश के गरीबों के दर्द को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने नजदीक से महसूस किया। महीने में दो बार फ्री राशन देने की योजना का शुभारंभ किया। देश में 80 करोड़ और प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। नगर विधानसभा के साढ़े तीन लाख लोगों को नि:शुल्क राशन मिल रहा है। उचित दर दुकानदार शिवकुमार गिरी ने राज्यमंत्री शुक्ल का स्वागत किया। अध्यक्षता अभिषेक सोनी और संचालन संजीव कुमार डंपू ने किया। हनुमानगंज ब्लॉक के कपूरी में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी ने राशन वितरण किया। कहा कि गरीब परिवार के लाभार्थियों को नि:शुल्क राशन के अलावा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर प्रकार की सुविधाएं मिल रही हैं। इसमें पीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना, शौचालय, जननी सुरक्षा योजना व मातृत्व वंदना योजना आदि शामिल है। पूर्ति निरीक्षक रत्नेश सिंह, ग्राम प्रधान अभय वर्मा, कोटेदार विक्रेता मुन्नी देवी और ग्रामीण उपस्थित थे। कमिश्नर विजय विश्वास पंत और डीएम अदिति सिंह ने अन्न महोत्सव का जायजा लिया। पियरिया, रसूलपुर, गुरगुजपुर समेत कुछ उचित दर दुकानों पर लाभार्थियों के बीच राशन किट का वितरण किया। मुफ्त अनाज दिवाली तक मिलेगा। डीएसओ कृष्ण गोपाल पांडेय व अन्य अधिकारी थे। अन्न महोत्सव पर पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिला लाभार्थियों से उनके घर गृहस्थी से जुड़ी जानकारी ली। महिलाओं ने भी अपनी-अपनी भाषा में प्रधानमंत्री जी को विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए धन्यवाद दिया। उधर, एलईडी के माध्यम से सीधा प्रसारण देख रहे जिले के शहर के लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग, खासकर महिलाएं पीएम के साथ संवाद सुन काफी उत्साहित दिखीं।