नगर के एलडी कालेज के सभागार में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट की बैठक हुई, जिसमें वक्ताओं ने डीआईओएस कार्यालय की अकर्मण्यता के विरोध में विचार-विमर्श किया। वक्ताओं ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा संगठन के प्रतिनिधि मंडल को समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज भी कोई पहल नहीं हुई।
अश्विनी कुमार तिवारी ने कहा कि डीआईओएस से कई चक्र की वार्ता के बाद भी जिले के परीक्षकों के मूल्यांकन के दो वर्षों का पारिश्रमिक उनके खातों में नहीं भेजा गया।
जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह ने कहा कि आचार संहिता के कारण संघर्ष का कार्यक्रम नहीं बना पा रहे हैं, लेकिन आचार संहिता समाप्त होते ही इसके खिलाफ खुला आंदोलन छेड़ा जाएगा।
सुभाष पांडेय ने गुलाब देवी इंटर कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय के शिक्षकों से अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने की निंदा की। बैठक में श्याम सुंदर उपाध्याय, शंभूनाथ सिंह, कन्हैया उपाध्याय, डीएन यादव, आत्मानंद सिंह, डा. नागेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, राधेश्याम यादव, नरेंद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।