बलिया। नगर पालिका की ओर से शहर में 9.6 करोड़ रुपये से नगर में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इसके लिए नगर पालिका की ओर से जमीन चिह्नित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। शासन की ओर से सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि योजना के तहत 9.6 करोड़ की धनराशि को शासन ने स्वीकृति दी है। इसके लिए एक हजार वर्ग मीटर जमीन चिह्नित करने के लिए सर्वे किया जा रहा है।
बताया कि शहर में नगर पालिका के पास अपनी भूमि नहीं है। ऐसे में इसके लिए माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व जिला विद्यालय निरीक्षक से बात की जा रही है। प्रयास है कि शहर किसी इंटर कॉलेज में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाए।
बताया कि लाइब्रेरी पूरी तरह से हाईटेक और सभी तरह की आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। यहां पर लगाए जाने वाले कंप्यूटर वाई-फाई से जुड़े रहेंगे। इससे यहां पर आने वाले युवाओं को इंटरनेट कनेक्टिविटी को लेकर किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इनसे जुड़ी किताबें और सभी प्रकार के अखबार भी इस लाइब्रेरी में उपलब्ध रहेंगे।
जिससे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा के लिए उपयुक्त वातावरण में डिजिटल प्रणाली से तैयारी में मदद मिलेगी। डिजिटल लाइब्रेरी में छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा के साथ ही ई-लर्निंग से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी।