बांसडीह नगर पंचायत बांसडीह के वार्ड नंबर तीन के सतपोखर बस्ती का आज तक विद्युतीकरण नहीं किया गया है। इससे नाराज मुहल्लेवासियों ने शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रतूल कुमार ओझा के नेतृत्व में ढिबरी और लालटेन के साथ विद्युत उपकेंद्र पर जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एसडीओ को एक ज्ञापन भी सौंपा।
आज तक सतपोखर बस्ती के लोग ढिबरी युग में ही जी रहे हैं। हर चुनाव में गांव के लोग इसी उम्मीद से मतदान करते हैं कि कोई जनप्रतिनिधि एक न एक दिन उनकी पीड़ा को जरूर सुनने और समझने वाला होगा। नगरपंचायत के इस वार्ड के लोग अब आंदोलन के मूड में हैं। शुक्रवार को लोगों ने तय कर लिया कि अब किसी भी चुनाव में मतदान नहीं करेंगे और मतदान तभी करेंगे जब प्रत्याशी बस्ती में विद्युतीकरण करवा देगा।
इस मौके पर पूर्व सभासद अवनीश पांडेय, मनोज राजभर, विजय राजभर, बंधु राजभर, सुरेश राजभर, शांति देवी, पचरतनी देवी, लचिया देवी, कलावती, सुनीता देवी, कमलेश राजभर आदि लोग उपस्थित रहे। इस संबंध में चेयरमैन सुनील सिंह ने कहा कि बस्ती में अपनी तरफ से सोलर लाइट लगवा दिया हूं।
पांच-छह खंभे भी गड़वा दिए लेकिन शासन की मदद न मिलने के कारण अभी तक विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। यदि विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर और तार उपलब्ध कराया जाता है तो निश्चित रूप से बस्ती में जल्द उजाला होगा।