क्षेत्र के ग्राम सभा बलेऊर के जागा पांडेय के डेरा के पास स्थित राजभर बस्ती में शुक्रवार की रात डायरिया की चपेट में आकर एक महिला और एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं बस्ती में 17 लोग बीमार हैं, इससे पूरी बस्ती में कोहराम मच गया है। मौत, बीमारी की सूचना पर कांग्रेस नेता रोशन सिह चंदन ने मौके पर पहुंचकर एसडीएम सहित सीएमओ को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डाक्टरों की टीम गांव पहुंचकर बीमार लोगों को दवा बांटने के साथ हालत को नियंत्रण में लाने में जुट गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बसपा के पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, भासपा के संजय सिंह, युवक कांग्रेस नेता पुनीत पाठक आदि नेतागण वहां के लोगों को ढांढस बंधाने पहुंचे और अपने स्तर से सहयोग करने का आश्वासन दिया।
करीब एक सप्ताह से पार्वती देवी (32) पत्नी विनोद राजभर, अनीता (14) पुत्री बासुदेव राजभर की तबियत खराब चल रही थी। इलाज प्राइवेट डाक्टर के यहां चल रहा था। शुक्रवार की शाम अचानक आठ बजे के करीब पार्वती की अचानक हालत बिगड़ने लगी। उल्टी दस्त एवं चक्कर आने लगा। अभी घर के लोग पैसा जुगाड़ कर डॉ. के पास ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि तभी 9:30 बजे के करीब मौत हो गई। अगल-बगल के लोग मौत की खबर सुनकर विनोद के घर अभी आ ही रहे थे कि बगल में रहने वाले बासुदेव राजभर की लड़की अनीता की 10 बजे के करीब मौत हो गई। एक ही मोहल्ले में एक ही रात दो मृत्यु से पूरे राजभर बस्ती मे कोहराम मच गया। बस्ती वालों का कहना है कि अभी भी इस बस्ती में बृजराजभर (43) विजयराजभर (50), सीता (15), नीतेश (3), कोसिला देवी (50), सीटू (10), अर्जुन (10), गुडिय़ा(10), कृष्णा (6), सोनी (5), निधि (8), संध्या (13), मंजू (14), कर्ण (16), धर्मेंद्र (25), मनकिया (15), विमला (17) आदि की तबियत खराब चल रही है। मौत के बाद गांव पहुंची डाक्टरों की टीम ने आवश्यक दवाएं बांटी।