बांसडीह। क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक परिसर स्थित ड्वाकरा हाल में ब्लॉक प्रमुख सुशीला देवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें 9.18 करोड़ की लागत से 48 से अधिक विकास परियोजनाओं की कार्य योजना को मंजूरी दी गई। बैठक में नई योजनाओं पर विचार किया गया। राज्य वित्त, पंचम वित्त, 15वां वित्त और मनरेगा कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि गांवों के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के साथ समन्वय से कार्य कर रही हैं। बांसडीह ब्लाक के विकास के लिए प्रदेश सरकार की ओर से धन की कोई कमी नहीं होगी। विधायक ने कहा कि गांवों में पंचायत प्रतिनिधि आमलोगों के साथ आपसी सहमति बनाकर जल निकासी, जल संचयन, स्वच्छता, गलियों और सड़कों का निर्माण कराएं ताकि आमलोगों को सुविधा मिल सके।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि वह हमेशा विकास कार्यों में मदद को तैयार रहेगी। ब्लॉक प्रमुख सुशीला देवी ने कहा कि गांवों में विकास के कार्यों में सरकार की योजना के अनुसार कार्य करना है। ब्लाक के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह बीडीसी और ग्राम प्रधान से तालमेल बनाकर अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।
बीडीओ दिनेश कुमार मौर्य ने कहा की प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और स्वच्छता मिशन में शौचालय के चयनित लाभार्थियों का निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराएं। आवास के साथ ही शौचालय, मनरेगा, समूह संगठन, नि:शुल्क बोरिग, पशु जीवन बीमा आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। सदस्यों से प्रस्ताव बनाकर देने को कहा। बैठक में फ्री बोरिंग, विधवा, वृद्धा, दिव्यांग पेंशन, सौर ऊर्जा, उज्ज्वला योजना, कुपोषण, राशन कार्ड, इंडिया मार्का हैंडपंप आदि योजना के बारे में चर्चा की गई। मौके पर अवधेश पांडेय, सोनू सिंह, अखिलेश सिंह, प्रेम सिंह, नीतिश पांडेय रंजन, फागू यादव, सरिता देवी, अशोक यादव, दयाशंकर राजभर, दिलीप तिवारी, विनय सिंह, राजेंद्र सिंह, चंदन सिंह, सवेंश सिंह, दीपक श्रीवास्तव, अनिल यादव आदि रहे।