नगर के टीडी कालेज चौराहा पर चिलचिलाती धूप से बचाव के लिए एक ही गमछा ओढ़कर अपने गंतव्य को जाते र
बलिया। जिले में तापमान में नरमी के बाद भी उमस बरकरार रहा। हालांकि तापमान 40 डिग्री के पार रहा। इसके कारण लोगों के अंदर घुटन व बेचैनी बनी रही। वातावरण में बढ़ रही आर्द्रता के साथ उमस भरी गर्मी का प्रकाेप बढ़ा दिया है। इससे जनजीवन बेहाल हो उठा है। हाल यह कि शनिवार की सुबह 10 बजे के पूर्व ही तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। जिसके कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। हवा न बहने से उमस व बेचैनी हो जा रही थी। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री व न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस था तो बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 42.5 व न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दो दिनों में करीब ढाई डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में डेढ़ डिग्री बढ़ोत्तरी होने से उमस बना रहा। वातावरण में हवा न के बराबर थी, जिससे लोगाें को न घर के अंदर आराम मिल रहा था और न ही बाहर। इसी बीच बिजली की कटौती से महिला व बच्चे परेशान दिखे। हालांकि सुबह व शाम आसमान में बादलों के आने व जाने से मानसून आने के संकेत मिल रहे है लेकिन कब तक आएगा यह सटीक जानकारी मौसम विभाग भी नहीं दे रहा है। बारिश न होने से किसानों को धान की नर्सरी बचाना चुनौती बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि अभी एकाध दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा। मानसून झारखंड के रांची तक दस्तक दिया है। उसके आगे बढ़ने की उम्मीद बनी हुई है।