बलिया। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बलिया बलिदान दिवस पर जनपद के 75 शहीद परिवारों के परिजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटर का तोहफा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और परिवहन राज्यमंत्री व नगर विधायक दयाशंकर सिंह देंगे। वितरण के लिए सभी स्कूटर जिले में पहुंच गए हैं।
प्रदेश में इलेक्ट्रिकल व्हीकल इकोसिस्टम का सृजन करने के लिए बृहद स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर पिछले दिनों परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने लखनऊ में अशोक लेलैंड, हिन्दुजा समूह व अन्य कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। ऐसे में राज्यमंत्री के अनुरोध पर इन्हीं कंपनियों के लोग जिले के सेनानी परिवारों में वितरण के लिए स्कूटर उपलब्ध करा रहे हैं। इसके लिए जिला प्रशासन सेनानी परिवारों की सूची बनाने में लग गया है। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसे में देश की आजादी में जिन लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी है, उनके परिजनों को सम्मानित करने के उद्देश्य से ही इस तरह का आयोजन किया जा रहा है।