बेल्थरारोड। डीएवी इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर चल रहे मां द्रोपदी दुर्गावती धर्मशाला फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में देवरिया ने पेनाल्टी शूट से बेल्थरारोड को एक गोल से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। नगर पंचायत के निवर्तमान चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
फाइनल मैच दिगंबर बाबा स्पोर्टिंग क्लब बेल्थरारोड और लार स्पोर्टिंग क्लब देवरिया के बीच खेला गया। मैच में दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। एक दूसरे को मात देने की भरपूर कोशिश की, लेकिन मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। हाफ टाइम के बाद देवरिया में एक गोल दाग बढ़त ले ली। बेल्थरारोड के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर 1-1 से टीम को बराबरी पर ला दिया। अंतत: पेनाल्टी शूट का सहारा लिया गया, जिसमें देवरिया ने बेल्थरारोड को एक गोल से शिकस्त दे मैच जीत लिया। निर्तमान चेयरमैन गुप्त और उभांव इंस्पेक्टर राजीव कुमार मिश्र ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। आरिफ, विनोद कमेंटेटर रहे। मकसूद ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस मौके पर रमेश मद्धेशिया, सज्जन सिंह आर्य, पंकज मोदी, कमलेश फौजी, अखिलेश यादव, दयाशंकर मद्धेशिया समेत भारी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।