केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के साथ किसानों के उपज का सही मूल्य नहीं दिए जाने से आक्रोशित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिले के सभी तहसीलों पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर तथा फेफना विधानसभा के सपा कार्यकर्ताओं ने सदर तहसील पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान धरनास्थल पर पहुंचे सदर तहसीलदार को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन के साथ एक बोरी में भरकर आलू सौंपा गया। इस तरह से सपाजनों ने आयोजित जनसभा में किसानों की पीड़ा बयां की।
राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार केवल जुमलेबाजी के आधार पर चल रही है। सत्ता में आने के बाद भाजपा को गरीबों और किसानों से कोई लेना-देना नहीं रह गया है। गरीब और किसानों को प्रतिदिन कर्ज में डुबाने की तैयारी इस सरकार में चल रही है। किसानों को सस्ता मिलने वाला डीजल अब पेट्रोल के कीमत के नजदीक पहुंच गया है। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव ने कहा कि सूबे की सरकार में अगर सबसे अधिक परेशान कोई है तो वह किसान और गरीब है।
सरकार के पास गरीब और किसानों के लिए कोई योजना नहीं है। पूर्व नपा अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्त ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में हर कोई खुशहाल है। इस मौके पर अजीत यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजमंगल यादव, वंशीधर यादव, संजय उपाध्याय, मंजू सिंह, डा. विश्राम यादव, मुन्नीलाल यादव, महावीर चौधरी, अभिराम सिंह दारा , बृज कुमार सिंह, मृत्युंजय तिवारी बब्लू, हरेंद्र गोंड, सुभाष, यादवेंद्र आदि रहे।