बैरिया। रोज-रोज हाई टेंशन के तार टूटकर गिरने से उपभोक्ताओं का आक्रोश सोमवार को बढ़ गया। हर रोज बिजली बाधित होने व संभावित दुर्घटना के मद्देनजर बीबी टोला, मानिक छपरा, मिर्जापुर के आक्रोशित उपभोक्ता तालाबंदी के लिए विद्युत उपकेंद्र बैरिया पर पहुंचे, लेकिन उपकेंद्र पर जेई, एसडीओ सहित कोई भी कर्मचारी व अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था। ऐसे में आक्रोशित उपभोक्ताओं बैरिया तहसील की ओर चले गए और उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि मिर्जापुर, मानिक छपरा व बीवी टोला के जर्जर हाई टेंशन के तार बदलवाया जाए क्योंकि रोज यह तार टूटकर जमीन पर गिर रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो जा रही है। युवकों ने आरोप लगाया कि बार-बार कहने के बावजूद अवर अभियंता मनोज वर्मा हम लोगों की बातों को नहीं सुन रहे हैं। युवाओं का कहना है कि इस प्रकरण पर दो दिन के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो हम लोग विद्युत उपकेंद्र बैरिया पर ताला बंद कर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित कर देंगे। उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने संबंधित ज्ञापन को उच्च अधिकारियों को भेजवाने और इस संदर्भ में उचित कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता व अधीक्षण अभियंता से बात करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में वीरेंद्र प्रसाद मौर्य, रवि वर्मा, रंजीत वर्मा, विजय बहादुर वर्मा, मैनेजर वर्मा आदि शामिल रहे।