बांसडीह। तीन माह से बकाया मानदेय को लेकर हुसैनाबाद पावर स्टेशन के कर्मचारियों ने मंगलवार को विद्युत केंद्र पर तालाबंदी कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बीते जून से ही उनका मानदेय बकाया है। इससे उनके परिवारों पर जीवन यापन पर संकट पैदा हो गया है।
अधिकारियों से बार-बार मांग के बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर पावर स्टेशन के सभी आपरेटर, हेल्पर और रखरखाव करने वाले कर्मचारियों ने तालाबंदी कर ड्यूटी बंद कर दी है। इससे पूर्व आंदोलित कर्मचारियों ने अवर अभियंता उपखंड अधिकारी और अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर अपनी मांगों के संबंध में आवाज उठाई गई। चेतावनी दी कि उनका मानदेय मिलने तक कार्य बंद रहेगा। इस दौरान अजीत वर्मा, दीपक मौर्य, आशीष पटेल, आदित्य सिंह, सर्वजीत शर्मा, नंदलाल यादव आदि मौजूद रहे।