इंडियन पीपुल्स सर्विसेज की जिला इकाई ने छात्रों की छात्रवृत्ति के साथ ही फीस प्रतिपूर्ति को उनके खातों में भेजने की मांग को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के साथ ही सरकार विरोधी नारे लगाए। साथ ही अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी को सौंपा।
संगठन के जिला संयोजक रंजीत कुमार निहाल ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार छात्रों की छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति को लेकर गंभीर नहीं है।
सपा सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के कारण गरीब छात्र हर साल छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति पाने से वंचित हो जा रहे हैं। कहा कि गरीब और मजदूरों के बेटे छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति के बल पर ही अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखते हैं।
कहा कि प्रदेश सरकार अब तक सत्र 2013-14 और 14-15 की छात्रवृत्ति नहीं देकर उनके पढ़ाई में बाधा उत्पन्न करने का काम कर रही है। कहा कि जिले के मंत्री छात्रों के छात्रवृत्ति के सवाल पर मौन साधे हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि तत्काल छात्रों की छात्रवृत्ति छात्रों के खाते में नहीं भेजी जाती है, तो छात्र विकास भवन का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से मनोज कुमार साह, मिथिलेश कुमार पासवान, मुलायम गोंड, जितेंद्र कुमार जीतू, शैलेंद्र कुमार यादव, सुरेश शाह, अरविंद गोंडवाना, अखिलेश शाह, अशोक कुमार गोंड, अमित प्रसाद, लक्ष्मण शर्मा, ज्ञानेंद्र कुमार, राहुल कुमार, रवि वर्मा आदि रहे।