दुबहर थाने के टेकार गांव निवासी प्रापर्टी डीलर विजय नारायण ठाकुर की हत्या की सीबीआई जांच की मांग की गई है। इसे लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में बताया है कि बंधुचक टेकार गांव निवासी जयराम ठाकुर के भाई विजय नारायण ठाकुर की हत्या नौ जुलाई को महावीर घाट इलाके में गोली मारकर कर दी गई थी। पुलिस की जांच में सुपारी किलर से हत्याकांड को अंजाम देने का मामला प्रकाश में आया था।
हत्या के दिन मृतक विजय कुमार ठाकुर ने एक प्रत्यावेदन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रेषित किया था। इसमें शिवरामपुर स्थित गंगा नदी पर कराए जा रहे पुल निर्माण कंपनी को आरोपित करते हुए कहा गया था कि कंपनी काश्तकारों की भूमि को अवैध तरीके से कब्जा कर रही है। साथ ही कंपनी की स्थानीय पुलिस से साठगांठ का आरोप लगाया था।
मामले में विजय को बिना किसी कारण बताए थाने में बैठाया गया था। पांच घंटे बाद जयराम ठाकुर से सुपुर्दगी लिखवाकर सौंपा गया था। मामले के निपटारे में एक कबीना मंत्री को हस्तक्षेप करना पड़ा था। जैसा कि विजय ने प्रत्यावेदन में स्पष्ट किया था। विजय नारायण की हत्या एक गंभीर साजिश की तरफ संकेत कर रही है।