नगर पंचायत सहतवार में नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के द्वारा कराए गए विकास कार्यो की जांच करते मुख्य ?
- फोटो : BALLIA
बलिया। नगर पंचायत सहतवार में नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा कराए गए कार्य की मुख्य विकास अधिकारी विपिन कुमार जैन ने बृहस्पतिवार को जांच की। इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण में कई गंभीर कमियां मिलने पर नाराजगी जताई और तत्काल भुगतान रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदार नरेंद्र कुमार राय को भी नोटिस जारी कर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। जवाब न मिलने पर वैधानिक कार्रवाई के साथ ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दी है।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित और मलिन बस्ती विकास योजनांतर्गत नगर पंचायत सहतवार के वार्ड नं 12 में हरिहर बारी के घर से मकसूद आलम के घर तक इंटरलॉकिंग रोड एवं कवर्ड नाली का निर्माण कार्य हो रहा है। इसकी स्वीकृत लंबाई 182 मीटर एवं लागत 10.63 लाख है। डूडा के परियोजना अधिकारी अरविंद पांडेय, जेई राहुल सिंह और ईओ रामबदन यादव को साथ लेकर सीडीओ अचानक कार्य की जांच करने पहुंच गए। जांच के दौरान पाया कि 75 मीटर, यानी करीब आधा निर्माण कार्य हो चुका है। इसमें कई जगह मानक का ख्याल नहीं रखा गया था। नई नाली का निर्माण कराना था, लेकिन पुरानी नाली को ही प्लास्टर कर दिया गया था। इसके अलावा, इंटरलॉकिंग कार्य के नीचे डाले जाने वाला मैटेरियल भी मानक के अनुसार नहीं था। इंजीनियरों की मिली रिपोर्ट के बाद सीडीओ ने निर्देश दिया कि जांच के दौरान मिले कार्य को माप पुस्तिका में दर्ज किया जाए और उसके हिसाब से ही भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जांच के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नीरज सिंह भी थे।