रसड़ा। क्षेत्र के बधुबांध चट्टी के समीप सोमवार की रात बाइक के धक्के से गंभीर रूप से घायल चौकीदार की मौत हो गई। घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई। कोतवाली क्षेत्र के कुरेम दुल्हपार निवासी लक्ष्मण राम 55 पुत्र स्व महंगू राम रात्रि में खाना खाकर पैदल ही बधुबांध चट्टी पर सोने आ रहे थे। उस समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने जोरदार धक्का मार दिया। धक्का लगते ही लक्ष्मण सड़क पर दूर जा गिरे एवं गम्भीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोग घायल लक्ष्मण को अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई।