थाना क्षेत्र के रुद्रवार गांव में रविवार की सुबह घर से दूध लेने निकले 14 वर्षीय किशोर पर आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों द्वारा दी गई सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रुद्रवार गांव निवासी दीपक कुमार राय का 14 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार राय रविवार की सुबह दूध लेने के लिए गांव में जा रहा था। अपने डेरे के पास पहुंचा कि अचानक पुरानी रंजिश को लेकर उसके डेरे के बगल में रह रहे पट्टीदारों ने उसके ऊपर हमला कर दिया। क्षेत्राधिकारी भूषण मौर्य सहित प्रभारी थानाध्यक्ष अस्पताल पहुंचे। घायल युवक से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुट गए। आर्यन कुमार राय गांधी इंटर काॅलेज में कक्षा 11वीं का छात्र है। भूषण वर्मा ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर घटना हुई है। तहरीर के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।