चिलकहर। गड़वार थाना के सवन गांव में रविवार को एक युवक का घर से चंद कदम दूर नीम के पेड़ पर फंदे पर लटकता शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सवन निवासी रामाश्रय राम का बड़ा पुत्र कौशल राम (24) प्रत्येक दिन की तरह शनिवार की रात को परिजनों संग खाना खाकर सोने चला गया। सुबह गांव के बाहर शौच के लिए गए लोगों ने नीम के पेड़ से फंदे पर लटकता उसका शव देखा। इसकी खबर लगते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। शव की पहचान कौशल के रूप में हुई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। उसके छोटे भाई कौशलेंद्र कुमार ने बताया की भाई ने एसएससी जीडी की लिखित परीक्षा पास कर ली थी। फिजिकल इस माह होने वाला था, जिसकी तैयारी कर रहा था। थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।