बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के तेंदुहारी ग्राम के ईंट- भट्ठा केसमीप बुधवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ का शव पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त क्षेत्र के पिपरौली बड़ागांव निवासी श्रीराम (55) पुत्र स्व केशव प्रसाद के रूप में हुई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा बनाकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जाता है कि तेंदुहारी ईंट-भट्ठा के पास संदिग्ध हाल में एक अधेड़ का शव मिलने पर लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को थाना लेकर चली गई तथा परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजनों के साथ प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल रहमान थाना पहुंचे। पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा बनाकर परिजनों को सौंप दिया। शव के घर पहुंचते ही पत्नी तारा देवी दहाड़े मारकर विलाप करने लगी। परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया। मृतक का एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।