क्षेत्र के जेडी मेमोरियल कान्वेंट स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली।
बच्चों ने बेटियों के महत्व को समझाते हुए बताया कि बेटियों का सम्मान करने से ही देश का मान बढ़ेगा। सीएमओ डा. पीके सिंह और डा. अजीत सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। स्कूल के बच्चे हाथों में स्लोगन लेकर बांसडीहरोड बाजार होते हुए पुन: विद्यालय प्रांगण पहुंचे।
बच्चों ने रैली के दौरान बेटी नहीं तो कल नहीं, बेटी का करो सम्मान, तभी बनेगा देश महान... का नारा लगाया। इसके बाद मुख्य अतिथि सीएमओ डा. पीके सिंह ने कहा कि बेटी बचाकर ही देश को सुरक्षित रखा जा सकता है। कहा कि लखनऊ लिंग परीक्षण रिपोर्ट के अनुसार बलिया में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों में कमी है। बताया कि एक हजार लड़कों के बीच केवल 933 ही लड़कियां हैं।