बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय परिसर में स्नातकोत्तर में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर दस दिसंबर कर दी गई है। इस फैसले की जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजय कुमार ने बताया कि इससे इच्छुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने का एक और अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर वाणिज्य में एक और सेक्शन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस कारण अब एमकॉम में 60 सीटों पर पुन: विद्यार्थियों का प्रवेश लिया जाएगा। इसके लिए 8 दिसंबर को काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित की गई है। बची सीटों पर 9 दिसंबर को भी अर्ह विद्यार्थियों को काउंसिलिंग का अवसर प्रदान किया जाएगा। कुलसचिव ने यह भी कहा कि प्रवेशित विद्यार्थियों की कक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जिनमें उनकी उपस्थिति अनिवार्य है।