बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के हुसेनाबाद गांव में मंगलवार की देर शाम सिलिंडर के लीक होने से लगी आग से किचन सहित बगल के स्टोर रूम में रखा सामान जलकर राख हो गया। संयोग अच्छा रहा कि किचेन में खाना बना रही महिला व बगल के स्टोर रूम में रहने वाले गृह स्वामी बाल बाल बच गए। आस पास के लोगों द्वारा घंटों बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार हुसैनाबाद निवासी रामजी दुबे के घर उनकी पत्नी मंगलवार को खाना बनाने के लिए ज्यो ही किचन में गई और गैस चूल्हे को जलाया। वैसे ही रेगुलेटर से गैस लीक होने के चलते उसमें आग लग गई। महिला किसी तरह जान बचाकर बाहर भागी और घर में रहने वाले लोगों को घर से भागने को कहते हुए जोर से चिलाई, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान किचन सहित बगल के स्टोर रूम में रखा रोजमर्रा का सारा समान जलकर राख हो गया।