दोकटी थाने के जगदीशपुर सेमरिया गांव में रविवार देर रात गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। लोग जब तक भागकर जान बचाते सिलेंडर तेज विस्फोट के साथ फट गया। विस्फोट के दौरान सिलेंडर के कुछ टुकड़े एक महिला और घर के लोगों को जा लगे। महिला की मौके पर मौत हो गई।
जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आग लगने के दौरान बचाव में पहुंचे अन्य पांच लोग भी घायल हो गए। हादसे में मकान की दीवारें टूटकर अलग हो गईं और छत का एक हिस्सा भी जमींदोज हो गया। सिलेंडर की आग से पास स्थित एक रिहायशी मड़हा भी जलकर राख हो गया।
दोकटी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सेमरिया गांव निवासिनी तेतरी देवी (45) पत्नी रामाशंकर चौधरी रविवार रात पांच किलो के छोटे सिलेंडर पर भोजन बना रही थीं। इसी बीच सिलेंडर से तेज आग की लपटें निकलने लगीं। सिलेंडर की आग देख तेतरी देवी शोर मचाते हुए घर के अन्य सदस्यों के साथ बाहर भागने लगीं।
इसी बीच सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। इसकी जद में आकर तेतरी देवी (45) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि निर्मला देवी (40) पत्नी आदित्य चौधरी, नीतू कुमारी (17) पुत्री आदित्य चौधरी, शैलेंद्र चौधरी (32), रामवतार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान भी जमींदोज हो गया।
मौके पर बचाने पहुंचे अरुण पासवान (30), लखन शाह (25), रामअवतार (35), राजेश चौधरी (25), राम सिद्धि पासवान (35), गीता देवी (30), मुकुल शर्मा (30) को भी चोटें आईं । लोगों ने सभी को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया।
चिकित्सकों ने निर्मला की स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं पास स्थित रिखी चौधरी की रिहायशी झोपड़ी में भी आग लग गई। उसमें रखे सामान नष्ट हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।