चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के रामपुर असली गांव निवासी सीआरपीएफ के एसआई जीडी नथूनी यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सोमवार को सीने में तेज दर्द उठने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोपहर करीब एक बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। नथूनी यादव सीआरपीएफ की 86वीं बटालियन में एसआई जीडी के पद पर मणिपुर में तैनात थे। बताया गया कि कुछ दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आए थे। छुट्टी पूरी होने के बाद वह दोबारा ड्यूटी पर मणिपुर चले गए थे। इसी दौरान अचानक तबीयत खराब होने पर वह वापस घर लौट आए थे। सोमवार को अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जवान की मौत की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भीड़ उनके घर जुट गई। इस दौरान सीआरपीएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। अंतिम विदाई के समय माहौल गमगीन हो गया और मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।