बांसडीह कोतवाली के राजा गांव खरौनी में शनिवार की शाम गांव में बन रही अवैध शराब तथा बिक्री को लेकर ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। सैकड़ों की संख्या में उन्होंने मंटू सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पहुंच कर निरीक्षक आरआर यादव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि शाम के समय गांव में हो रही अवैध शराब की बिक्री के कारण आए दिन शौच जा रही महिलाओं के साथ शराबियों द्वारा छींटाकशी की जा रही है। इतना ही नहीं नौजवानों को भी शराब की लत लग रही है। ज्ञापन मिलने के बाद बाद थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से शराब भट्ठियों पर छापेमारी की। अवैध रूप से संचालित दस भट्ठियों पर 20 कुंतल लहन के साथ ही शराब बनाने का उपकरण तथा पालीथीन में भरकर रखा गया सैकड़ों लीटर अवैध शराब नष्ट किया।
छापेमारी के दौरान शराब कारोबारी भीड़ तथा रात का फायदा उठाकर भाग निकले। एसओ आरआर यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेशनुसार अवैध शराब बिक्री तथा निर्माण पर छापेमारी लगातार चलती रहेगी। इस दौरान चंदन सिंह, विजयंत सिंह, छोटकन सिंह, चिंटू सिंह, पिंटू तिवारी, झनमन सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।