बार काउंसिल के आह्वान पर वकीलों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर वकीलों ने कहा कि पूरे प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ पुलिस उत्पीड़न एवं वकीलों को न्याय न मिलना आम बात हो गई है। इसके लिए हम अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए जिले से लेकर लखनऊ तक धरना प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में जूनियर बार के अध्यक्ष सतीश कुमार मिश्र ने कहा कि प्रदेश में अधिवक्ताओं की हत्या और कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह पंगु हो चुकी है। ला एंड आर्डर पूरी तरह से चरमरा गया है। अपराधियों को संरक्षण देने के लिए सफेदपोश आगे आ रहे हैं।
कहा कि वकीलों के मामले में भी समय से न्याय नहीं मिल रहा। पुलिस द्वारा न्याय की मांग को भी ठुकराया जा रहा है। वकीलों को गलत मुकदमे में फंसाने का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर जूनियर एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने प्रस्ताव की प्रतिलिपि जिलाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी को प्रस्तुत कर वकीलों के मामले में न्याय दिलाने की मांग की।
इस मौके पर राजेश कुमार सिंह, प्रदीप कौशिक, सुभाषचंद्र श्रीवास्तव, रजनीश पांडेय, शिवजी चौबे, राकेश सिंह, चंदन सिंह, रतन प्रकाश दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।