एसपी को धमकी देने वाला आैर खुद को राज्यपाल राम नाइक का पीआरओ बताने वाले फर्जी युवक को पुलिस ने बुधवार की शाम गिरफ्तार कर लिया। बलिया क्राइम ब्रांच की टीम ने अखिलेश दुबे नाम के आरोपी को वाराणसी के चोलापुर से गिरफ्तार किया। राज्यपाल का फर्जी पीआरओ बन कर आरोपी करीब दो माह से एसपी को फोन कर एक सिपाही का आवास खाली कराने का दबाव बना रहा था। अन्यथा की स्थिति में एसपी के तबादले और निलंबित कराने की धमकी दे रहा था।
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के जसांव गांव निवासी अखिलेश दुबे पिछले करीब दो माह से पुलिस अधीक्षक और सीओ सहित कई थानेदारों को राजयपाल का पीआरओ बनकर धमकी दे रहा था। बार-बार एसपी को फोन कर वह खुद को प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक का पीआरओ बता रहा था। पुलिस ने राज्यपाल भवन से इसकी असलियत का पता लगाया तो वहां ऐसे किसी पीआरओ के बारे मे इनकार कर दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के फोन नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया। उसी के जरिए आरोपी को ट्रेस कर वाराणसी के चोलापुर से अरेस्ट कर लिया। एसपी मनोज कुमार झा ने बताया की अखिलेश दुबे थाना चोलापुर वाराणसी का बनकर फोन करता था और धमकी देकर एक कांस्टेबल का आवास खाली कराने का दबाव बनाता था।
एसपी ने बताया कि आरोपी 9454867271 9565935583, 7380802131, 8408280105 नंबर से राजयपाल का पीआरओ बनकर फोन करता था। ऐसा नहीं करने की दशा में मेरा ट्रांसफर कराने की धमकी दे रहा था। यही नहीं सीओ सहित थानाध्यक्ष गड़वार नीरज पाठक को भी गाली देते हुए धमकी देता था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।