बांसडीहरोड थाना अंतर्गत ग्राम साहूडीह फूलवरिया गांव में शनिवार की देरशाम हुई ट्रैक्टर ट्राली और कमांडर जीप की टक्कर में दोनों मृतकों की शिनाख्त कर ली गई। मरने वालों में एक छोटेलाल और दूसरा श्रीमन था। देर रात दोनों की मौत की सूचना उनके गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। ा
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हालपुर निवासी छोटेलाल ठाकुर (40) शनिवार की शाम बलिया से कमांडर जीप पकड़ कर वापस अपने घर जा रहा था। इस बीच साहूडीह फूलवरिया गांव के समीप सामने से आ रही टैक्टर से जीप की टक्कर हो गई। हादसे में छोटेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जीप चालक मनियर थाना अंतर्गत बिजुलीपुर निवासी श्रीमन यादव (38) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचाए जाने से पहले उसका प्राण पखेरू उड़ चुके थे। उधर हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेने के साथ ही अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।