पुलिस के हत्थे चढ़े अंजाम देने वाले बदमाश
- फोटो : amar ujala
मनबढ़ों द्वारा भीमपुरा थाना क्षेत्र के बाराडीह लवाई पट्टी गांव में रविवार की शाम एक महिला की जमीन पर दीवार बनाने की सूचना पर काम रुकवाने पहुंची 100 नंबर पुलिस पर मनबढ़ों ने हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के तहरीर देने पर भी देर शाम तक थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। अलबत्ता आरोपियों का चालान शांति भंग की धाराओं में किया गया है। उधर प्रभारी एसपी ने पुलिस से दुर्व्यवहार से इनकार किया है।
बाराडीह लवाई पट्टी गांव की राजकुमारी देवी का एक जमीन को लेकर गांव के ही अरुण कुमार से विवाद चल रहा है। रविवार को अरुण पक्ष के लोग उस जमीन पर दीवार बनवा रहे थे, राजकुमारी ने विरोध किया तो अरुण ने उसे मारने के लिए दौड़ा लिया। वह भाग कर घर में छिप गई और 100 नंबर पर फोन कर मदद की गुहार लगाई। उसकी सूचना पर 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और काम रोकने को कहा, तो वहां लाठी-डंडा लेकर तैयार दर्जनों लोगों ने पुलिस दल पर हमला बोल दिया। हाथापाई के बीच वह असलहा भी लहराने लगे। इस पर एसआई सत्यप्रकाश सिंह ने पिस्टल निकाल ली इसके बाद मनबढ़ भाग निकले।
इस दौरान पुलिस ने मऊ जिले के कोपागंज क्षेत्र के मुगमास निवासी सतेंद्र कुमार व बाराडीह लवाई पट्टी निवासी राजू कुमार को गिरफ्तार कर मौके दो बाइक को भी कब्जे में ले लिया। बाद में आरोपियों का चालान शांति भंग की धारा में किया गया है। प्रभारी एसपी विजय पाल सिंह ने कहा कि जमीन के विवाद में पुलिस ने कार्रवाई की है। 100 नंबर पुलिस ने दुर्व्यवहार जैसी कोई शिकायत नहीं की है वरन दो लोगों को मौके से पकड़ लिया है।