उभांव थाना क्षेत्र के खैराखास गांव में शनिवार सुबह जमीन को लेकर पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से लाठियां चलीं। मारपीट में दो महिलाओं समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को सीएचसी सीयर पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने एक पक्ष की ओर से चार लोगों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट तथा दूसरे पक्ष की ओर चार के खिलाफ मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खैरासास ग्राम में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश का मामला चल रहा है। शनिवार को सुबह इसी मामले ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल मारपीट के साथ ही घर का सामान लूट लिया।
इस दौरान मारपीट में एक पक्ष के सतीश (19), बृजेश (27), कमलेश (55), राजेश (42), मतुरनी (48), फूलमती (40) और दूसरे पक्ष से जनार्दन (24), मुकेश (20) घायल हो गए।
उभांव एसओ नन्हें राम सरोज ने बताया कि डोमा गोड़ की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ एससी एसटी और जनार्दन की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इनमें दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।