थाना क्षेत्र के चितबड़ामोड़ पर सोमवार की सुबह हादसे में बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हो गई। पेट्रोल भराने गए युवक ट्रक की चपेट में आ गए। इसमें एक युवक का असम पुलिस और दूसरे का सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में चयन हुआ था।
युवकों की मौत की खबर मिलते ही घर में खुशियों की जगह मातम छा गया। युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था नहीं तो उसकी जान बच जाती। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
चितबड़ागांव संवाददाता के अनुसार सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे चितबड़ागांव नगर पंचायत के वार्ड ब्रम्ही बाबा निवासी धीरज रौनियार(22) पुत्र प्रेम शंकर और जवाहर नगर वार्ड का दीपक पांडेय(20) पुत्र राम बचन पांडेय बाइक से चितबड़ा गांव पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने जा रहे थे।
इसी बीच सामने से आ रही ट्रक से बचने के लिए वे बांए मुड़े तभी पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर सीओ सदर बाबू राम यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे।
उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दीपक का कुछ माह पूर्व ही असम पुलिस में चयन हुआ था और उसे इसी सप्ताह ज्वाइन करने जाना था। वहीं धीरज एसएसबी में फिजिकल निकाल चुका था। दोनों परिवारों में मातम छा गया।