भीमपुरा थाना क्षेत्र के कुशहा रसीदपुर में जमीन के व्यवसाय को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष से हवाई फायरिंग भी हुई। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। मामले में पुलिस एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन कर रही है।
बताया जाता है कि भीमपुरा बाजार में दो वर्ष पूर्व बेल्थरारोड के एक व्यवसायी ने करोड़ों की जमीन खरीदी थी। दो महीने पूर्व उस जमीन को प्लाटिंग कर बेचने का जिम्मा कुशहा रसीदपुर गांव के छोटेलाल राजभर व राकेश सिंह को दिया था। दोनों जमीन डीलिंग का कार्य करने लगे। किसी बात को लेकर कुछ दिनों दोनों में कहासुनी हुई तो सम्मानित लोगों ने उनके बीच समझौता कराया था। लेकिन शांत होने की जगह और उलझता गया। सोमवार की देर शाम राकेश व छोटेलाल के बीच फोन पर कहासुनी होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि गांव में रात को हवाई फायरिंग भी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक कारतूस का खोखा मौके से बरामद किया। पुलिस छोटेलाल की तहरीर पर राकेश सिंह व एक अन्य पर धारा 307, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई है।
उधर, गांव में घटना को लेकर तनाव है। इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। राकेश सिंह ने बताया कि अपनी जान माल के खतरे को देखकर भीमपुरा पुलिस को सोमवार की शाम को ही लिखित तहरीर दी। लेकिन इस पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई, विपक्षी ने स्वयं फायर कर मुझे फंसाने की साजिश रची है। जबकि भीमपुरा पुलिस उसकी तहरीर पर प्राथिमिकी भी दर्ज नहीं कर रही है। उधर, छोटेलाल राजभर ने बताया कि राकेश सिंह ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी और बाद में घर पर आकर फायरिंग कर दी। सीओ रसड़ा अवधेश कुमार ने बताया कि गोली चलने की घटना देर रात की है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।