उभांव थाना क्षेत्र के पड़सरा नदौली ताजपुर ग्राम में शुक्रवार की देरशाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठियां चलीं। मारपीट में एक पक्ष के दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों का इलाज सीएचसी सीयर पर कराया गया। इस मामले में पुलिस ने 29 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शांति व्यवस्था के लिए
गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
उभांव थाना क्षेत्र के पड़सरा नदौली ताजपुर स्थित महुआ बाबा स्थान की ओर से एक बाइक पर सवार तीन युवक नगरा मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी बीच ग्राम के रामदुलार राजभर के बाइक की हैंडिल से मामूली टक्कर हो गई। रामदुलार द्वारा एतराज करने पर बाइक सवार युवक मारपीट करने लगे। यह देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए, तथा युवकों को मारपीट कर भगा दिया। कुछ देर के बाद लाठी-डंडे से लैस गोलबंद युवक मौके पर पहुंचे और रामदुलार को एक पेड़ से बांधकर मारपीट करने लगे।
यह देख परिजन रामदुलार को छुड़ाने के लिए पहुंचे तो मारपीट कर रहे युवकों ने उनके घरों में घुस कर मारपीट की। जिससे रामदुलार (18), दुलारी (53) पत्नी जनार्दन, मेनका (45) पत्नी देवेंद्र और रामबदन (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज सीएचसी सीयर पर कराया गया। मारपीट के दौरान सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को मौके से पकड़ लिया। उभांव थानाध्यक्ष नन्हेराम सरोज ने बताया कि रामदुलार की तहरीर पर 29 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। घटना को लेकर गांव में तनातनी है।