बेल्थरारोड । नगरा मार्ग पर शनिवार की रात अवायां ग्राम के पास ओवरटेक करते समय दो ट्रकों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं दोनों चालकों को गंभीर चोटें आई। दोनों ट्रक मऊ जिले के एक ही मालिक के बताए गए हैं। खैरा खास ग्राम से सफेद बालू लादकर दोनों ट्रक नगरा मार्ग होकर मऊ की ओर जा रहे थे। चौकिया मोड़ से आगे अवायां ग्राम के पास दोनों ट्रक चालकों में आगे निकलने की होड़ मच गई। इस दौरान ओवरटेक करता हुआ ट्रक सामने जा रही ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रक के आगे के बाएं हिस्से का भाग क्षतिग्रस्त होने के साथ बायां टायर भी तेज आवाज के साथ फट गया, वहीं आगे चल रहे ट्रक के पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते सड़क पर बालू बिखर गया। दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ट्रक मालिक घायल चालकों को इलाज के लिए मऊ लेकर चले गए।