बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली-जनेश्वर मार्ग पर मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर बदमाशों ने असलहे के बल पर मंगलवार की दोपहर एक इंटर के छात्र से बुलेट व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल यूपी 100 व सुखपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही यूपी 100 एवं सुखपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई, लेकिन बदमाशों का कही अता-पता नहीं चल सका। पीड़ित के पिता ने सुखपुरा थाने में अज्ञात तीन बदमाशों के विरूद्घ तहरीर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी अंकुर श्रीवास्तव पुत्र मणिशंकर श्रीवास्तव मंगलवार की दोपहर जीराबस्ती स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में बुलेट से घूमने गया था। वहां से घूमने के बाद घर वापस आ रहा था। जैसे ही वह देवकली-जनेश्वर मिश्र पार्क मार्ग पर बलिया-सिकंदरपुर मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर पहुंचा कि अपाची बाइक पर सवार तीन युवक ओवरटेक कर उसे रोके दिया और उसके सिर पर कट्टा सटा दिया। इसके बाद उसकी नई बुलेट व मोबाइल लेकर फरार हो गए। यह देख युवक अवाक रह गया। कुछ देर बाद उसने सुखपुरा पुलिस व यूपी 100 को सूचना दिया। सूचना मिलते ही यूपी 100 व सुखपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबिन में जुट गई। पीड़ित के पिता मणिशंकर श्रीवास्तव ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर सुखपुरा थाने में दिया। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि देवकली के पास युवक से बाइक लूट मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।