बलिया। बांसडीह कस्बा निवासी सुनील सोनी के ज्वेलरी के दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब दो लाख रुपये के ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन चार माह से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो चोर को ही पकड़ सकी है। मालूम हो कि बांसडीह-सहतवार मार्ग पर स्थित केवरा चट्टी पर बांसडीह निवासी सुनील सोनी की रवि ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी की दूकान है, जहां चोरों ने 31 जुलाई की रात दूकान का ताला तोड़कर करीब दो लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के अगले दिन बगल स्थित एक विद्यालय के प्रबंधक द्वारा पीड़ित को घटना की जानकारी हुई थी। सूचना मिलते ही सीओ बांसडीह व कोतवाल मौके पर पहुंच छानबीन किए और मामले का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया था। लेकिन चार माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी चोर पुलिस के पकड़ से कोसों दूर है। इस बाबत सीओ बांसडीह अशोक सिंह ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। प्रयास है कि शीघ्र ही चोरों को पकड़ लिया जाय और मामले का खुलासा कर दिया जाय।