बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के चौकिया मोड़ पर बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरावस्था के चलते चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि पति गंभीर रूप से घायल होकर अपना इलाज करा रहा है। चौकिया मोड़ निवासी दीपक कुमार (38) अपनी पत्नी मीरा देवी (35) को दवा कराकर बेल्थरारोड से वापस अपने घर आ रहे थे कि चौकिया मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद डॉक्टर ने बलिया रेफर कर दिया। रेफर होने के बाद घायल महिला को बलिया ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, जबकि पति का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पर चल रहा है। मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री है।