बस्ती। कुआनो नदी के अमहट घाट पर नाव में चढ़कर सेल्फी ले रहा युवक नदी में गिरने से डूब गया। शुक्रवार शाम हुई घटना के बाद परिवार और पुलिस के लोग देर रात तक नदी में खोजते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। शहर के बैरिहवा मोहल्ले में रहने वाले बंटी(32) अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम कुआनो नदी के अमहट घाट पर गए थे। अमहट पुल टूटने के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोग नाव से नदी को पार करते हैँ। घाट पर नाव देखकर बंटी समेत चारों लोग नाव पर चढ़कर सेल्फी लेने लगे। सेल्फी लेने के दौरान ही शरीर का बैलेंस बिगड़ते ही बंटी नदी में गिर गया। उसे डूबता देखकर तीनों दोस्तों ने तत्काल डायल 100 पुलिस को घटना की सूचना दी। परिवार वालों को भी हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद दो दोस्त चले गए। मौके पर पहुंची पुलिस उसके तीसरे दोस्त से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस के साथ परिवार के लोग नदी में तलाशते रहे। रात होने के चलते गोताखोर नहीं आ सके।