बलिया। ट्रेनों के अनारक्षित महिला और दिव्यांग बोगियों में छेड़खानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे पुलिस ने गंभीर हो गया है। आरपीएफ ने साप्ताहिक अभियान चलाकर दो दिनों में 19 मनचलों को गिरफ्तार किया। ज्ञात हो कि आरपीएफ के हेल्पलाइन नंबर 182 पर बढ़ रही यात्री शिकायतों को देखते हुए आरपीएफ महानिदेशक नई दिल्ली के निर्देश पर जिले की आरपीएफ टीम हरकत में आ गई। प्रभारी अमित कुमार राय के नेतृत्व में गठित टीम ने विगत दो दिनों में 19 लोगों को हिरसत में लिया। शुक्रवार को आरपीएफ ने तलाशी के दौरान विभिन्न ट्रेनों के अनारक्षित महिला एवं दिव्यांग कोच से नौ लोगों को एवं शनिवार को दस लोगों को हिरासत में लिया। इस दौरान प्रभारी आरपीएफ ने बताया कि यह अभियान तीन जनवरी तक अनवरत रूप से चलता रहेगा। कहा कि फ्री वाईफाई के लालच में बिना टिकट प्लेटफार्म पर घूमने वाले मनचलों पर भी आरपीएफ की पैनी नज़र बनी है। इनके विरुद्ध भी अभियान के तहत कार्यवाही की जाएगी।