नगरा(बलिया)। क्षेत्र के जूड़नपुर गांव में बुधवार की रात दहेज के लिए एक विवाहिता को कथित रूप से जलाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बसारिखापुर निवासी मृत विवाहिता के पिता शिवशंकर राम ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री 23 वर्षीय पुत्री किरन की शादी वर्ष 2012 में हुई थी। शादी के बाद से ही किरन के ससुरालीजन दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। घटना की रात किरन के पति, ससुर , सास , जेठ व अन्य लोगो ने मिल कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से आनन फानन मे शव को जला दिया। सूचना पर जब मैं पहुंचा तो पता चला कि उसकी हत्या कर लाश जला दी गई है। क्षेत्राधिकारी श्रीराम ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति श्यामराज, ससुर रामसनेही राम, जेठ, सास सहित छह के विरुद्ध दहेज हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।