नरहीं। बिहार में शराब बंद होने के बाद इस पार से नदी के रास्ते शराब की खेप लगातार पहुंचाई जा रही है। इसकी सूचना पर नरहीं पुलिस ने सोमवार की रात छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद किया। हालांकि तस्कर भागने में सफल रहे। बताया जाता है कि सोमवार की रात को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छप्पन के डेरा होते हुए गंगा नदी की तरफ जाने वाली सड़क पर घेरा डाला तो काफी मात्रा में शराब बरामद हुआ। लेकिन स्थानीय होने के नाते तस्कर व उसके साथी गाड़ी छोड़कर भाग निकलने में कामयाब रहे। बरामद आल्टो गाड़ी से पुलिस को 31 पेटी से 488 बोतल गैर प्रांत निर्मित देशी शराब बरामद किए हैं। एक नामजद सहित दो अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक छप्पन का डेरा निवासी जितेंद्र यादव उसके 2 साथी माल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने एक चार पहिया और एक दो पहिया वाहन मौके से बरामद कर लिया है। शराब पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष शेर सिंह तोमर, उपनिरीक्षक सूर्यकांत पांडे, कांस्टेबल सत्यप्रकाश सिंह, हरेन्द्र यादव आदि रहे।