बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने रसड़ा स्थित स्व. धर्मदेव इंटर कॉलेज रौरा चवर की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति की है। डीएम ने यह कार्रवाई कुछ दिनों पहले कॉलेज के कमरे में पकड़ी गई अवैध अंग्रेजी शराब की खेप के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से किए गए प्रस्ताव पर की है।
बताया जाता है कि 16 दिसंबर की रात गोरखपुर एसटीएफ व आबकारी विभाग की टीम ने स्व. धर्मदेव इंटर कॉलेज रौराचवर रसड़ा पर छापेमारी की थी। इस दौरान टीम ने शराब की खेप लाने वाले ट्रक के साथ ही स्कूल के कमरों में रखी पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 1125 पेटियां बरामद की थी। टीम ने मौके से ही दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया था कि यह धंधा काफी लंबे समय से चल रहा है और गांव के ही एक व्यक्ति की ओर से स्कूल के कमरों में अवैध शराब रखने की व्यवस्था की जाती है। इस मामले में जिलाधिकारी ने माना कि स्कूल एक सामाजिक संस्था है जिसके द्वारा अवैधानिक कृत्य किया जाना उचित नहीं है। डीएम ने यह भी माना कि इस अपराधिक कृत्य में कॉलेज के प्रबंधक की मिले हो सकते हैं। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक से कॉलेज की मान्यता समाप्त करने के लिए प्रस्ताव मांगा था। डीआईओएस की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर जिलाधिकारी ने संस्तुति कर दी। जिस पर डीआईओएस ने इंटर कॉलेज की मान्यता समाप्त कर दिया।
कोट
स्व. धर्मदवे इंटर कॉलेज रौरा चवर रसड़ा की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी ने की है। इस आधार पर कार्रवाई को सचिव माध्यमिक शिक्षा को पत्र भेज दिया गया है।
अतुल तिवारी, प्रभारी डीआईओएस