बलिया। डीआरडीए की कारस्तानी और सचिव, लिपिक, बीडीओ की मेहरबानी से एक ही व्यक्ति को सिर्फ पत्नी का नाम बदल कर दो-दो बार इंदिरा आवास दे दिया गया। विकास खंड मनियर अंतर्गत चंददायर गांव से मामला प्रकाश में आने के बाद विभाग में जहां हड़कंप मचा है। वहीं सारे अधिकारी इस पर जवाब देने से कतराने के साथ जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ने लगे हैं।
विकास खंड मनियर के ग्राम पंचायत चंददायर में वर्ष 2010-11 में इंदिरा आवास आवंटन के समय मकमिया देवी पत्नी बेसलाल को आवास आवंटन किया गया। इसके बाद गांव के सचिव ने लिपिक, बीडीओ से मिलकर वर्ष 2015-16 में करामाती करते हुए बेसलाल की पत्नी मकमिया देवी का नाम बदलकर सुमन देवी बना दिया और इस प्रकार एक और आवास आवंटन कर दिया। दोनों पत्रावलियों में सचिव, लेखा लिपिक तथा बीडीओ का हस्ताक्षर है। जिसमें एक पत्रावली में बेसलाल की पत्नी मकमिया देवी दिखाई गई है, जबकि 2015-16 की पत्रावली में बेसलाल की पत्नी का नाम सुमन देवी दिखाकर आवास दे दिया गया। इस प्रकार एक ही व्यक्ति को दो-दो बार आवास दे दिया गया।
वर्जन =
मामला पुराना है, उनकी जानकारी में नहीं है, लेकिन यदि ऐसा हुआ है तो इसकी अवश्य ही जांच होगी।
= आरके त्रिपाठी, पीडी
वर्जन =
डीआरडीए विभाग की ये बड़ी चूक है। इस पर बेसलाल से आवास की रिकवरी कराने के साथ-साथ दोषी सचिव, बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही डीआरडीए के परियोजना निदेशक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
= संतोष कुमार, सीडीओ