बेल्थरारोड। उंभाव थाना क्षेत्र के तेलमा जमालुद्दीनपुर चट्टी पर गुरुवार की रात चोरों ने एक दूकान का ताला तोड़ करीब डेढ़ लाख रुपए के सामानों पर हाथ साफ कर दिया । घटना को अंजाम देकर चोर भाग निकले। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया। साथ ही अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी । तेलमा जमालुद्दीनपुर चट्टी पर अखिलेश गुप्त की परचून की दूकान है। गुरुवार की रात नौ बजे दूकान बंद कर अखिलेश घर चले गए। आधी रात के बाद हौसला बुलंद चोरों ने दूकान के पिछवाड़े लगे चैनल गेट का ताला तोड़ डाला । इसके अलावा तीन और तालों को तोड़ दूकान और गोदाम में प्रवेश किया। चोरों ने दूकान में रखा डेढ़ लाख रुपए के जीवनोपयोगी सामान चुरा लिया । चोरी किए गए सामानों को देख अनुमान है कि कई चोरों द्वारा घटना को अंजाम देने के बाद सामानों को किसी वाहन से लाद रफूचक्कर हो गए और इसकी भनक किसी को नहीं लग पाई। सुबह दूकानदार जब दूकान पहुंचे तो घटना की जानकारी होने पर चौक पड़े। थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदार की तहरीर पर केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है ।