बलिया। रेलवे विद्युतीकरण कार्य में एक कंपनी की ओर से तैनात इंजीनियर का एटीएम बदल कर जालसाजों ने 40 हजार निकाल लिए। इंजीनियर ने इसकी ऑनलाइन और लिखित शिकायत पुलिस से की है।
वर्तमान में जिले में रेलवे के विद्युतीकरण का कार्य आईईए एसोसिएट्स साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से कराया जा रहा है। कंपनी में बतौर इंजीनियर हिरदेश जायसवाल कार्यरत हैं। हिरदेश ने ऑनलाइन शिकायत में उल्लेख किया है कि कार्यालय में कार्यरत आफिस ब्वाय की बेटी की तबियत खराब होने पर उसने एक हजार रुपये का सहयोग मांगा था। इसके लिए वह कार्यालय में ही काम करने वाले अभय सिंह को अपन एटीएम कार्ड देकर एक हजार रुपये निकाल कर देने को कहा। जब अभय जलालपुर स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसा निकालने गया तो वहां कुछ लोग मौजूद थे। जब अभय पैसा निकाल रहा था तो एटीएम से निकले रसीद पर इनवैलिड नंबर लिखा था। इसी बीच मौजूद लोगों ने उससे एटीएम बदल लिया और दो सितंबर को दो बार में कुल 40 हजार रुपये निकाल लिए। उसने बताया कि एसबीआई पीबी ब्रांच के मैनेजर से भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन बैंक मैनेजर ने कहा कि थाने में एफआईआर होने के बाद ही वह उसकी मदद करेगा।