बेल्थरारोड(बलिया)। रेल प्रशासन द्वारा भटनी-वाराणसी रेलखंड पर सुबह के समय चलने वाले डेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन प्रत्येक शनिवार को बंद कर दिया गया। ट्रेन का संचालन ठप हो जाने से यात्रियों को घोर असुविधा हो रही है, वहीं रेल राजस्व की क्षति भी हो रही है। व्यापारी नेता प्रशांत कुमार और सुनील कुमार ने बताया कि सुबह की पहली ट्रेन होने के चलते भारी संख्या में रोजाना लोग मऊ और वाराणसी समेत अन्य स्टेशनों की यात्रा करते हैं, लेकिन प्रत्येक शनिवार को ट्रेन का परिचालन बंद कर दिया जाता है। जो जनहित के दृष्टिकोण से उचित नहीं है। इसके अलावा बेल्थरारोड पहुंचकर लोग व्यापार करते हैं, लेकिन रेल अधिकारियों ने जन सुविधा की उपेक्षा करते हुए ट्रेन का परिचालन बंद कर दिया। उन्होंने जनता की सुविधा के मद्देनजर शनिवार को ट्रेन परिचालन जारी रखने की मांग की।