रेवती। नगर के वार्ड नं. सात निवासी एक किसान को मरौटी मौजा स्थित डेरा पर शनिवार की रात सोते समय अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को सीएचसी रेवती पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल द्वारा भी रेफर होने के बाद उनका उपचार वाराणसी में चल रहा है। बताया जाता है कि रोज की तरह मिथिलेश उपाध्याय (55) अपने डेरा स्थित नलकूप पर सोए हुए थे। शनिवार की रात करीब 11 बजे तीन बाइक पर आधा दर्जन लोग पहुंचे तथा मिथिलेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया । जब शोरगुल होने लगा तो हमलावर भाग गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।