बैरिया (बलिया)। वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार को लेकर वायरल हुए दो ऑडियो में जिला प्रशासन ने तत्कालीन पूर्ति लिपिक को निलंबित व पूर्ति निरीक्षक का स्थानांतरण कर दिया है। इसको लेकर विभाग में खलबली मची है।
जून में एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें दलनछपरा के उचित दर विक्रेता जगजीवन राम ने गोदाम से अनाज उठान करते समय 70 रुपये प्रति कुंतल वसूली का आरोप लगाते हुए मार्केटिंग इंस्पेक्टर व पूर्ति निरीक्षक को कठघरे में खड़ा किया था। इतना ही नही आधार से लिंक कराने के नाम पर प्रति यूनिट दो से ढाई रुपये वसूली की बात कही थी। उक्त मामले में सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. विश्राम द्वारा जांचोपरांत ऑडियो में इंगित बिंदू को सही पाते हुए कार्रवाई की संस्तुति की थी। इसी बीच चार अगस्त को दूसरा ऑडियो वायरल हुआ था। जिसमें तत्कालीन लिपिक बच्चाबाबू ने कहा था कि पूर्ति निरीक्षक मेरा ट्रांसफर करा कर धन उगाही कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को वायरल ऑडियो की सीडी के साथ पत्रक भी दिया था। पहले ऑडियो में दुकानदार जगजीवन राम ने पूर्ति लिपिक का नाम भी नहीं लिया था। लेकिन दोनों ही वायरल ऑडियो के मामले में लिपिक बच्चा बाबू को निलंबित करने के साथ ही पूर्ति निरीक्षक श्यामनाथ को सदर तहसील स्थानांतरित कर दिया गया है।